सिविल न्यायालय मैहर में उल्लास एक अभिनव प्रयोग कार्यक्रम आयोजित
मैहर, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में न्यायालीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी सामंजस्य, सौहार्दपूर्ण वातावरण तथा सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिविल न्यायालय में ‘उल्लास : एक अभिनव प्रयोग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के दिशा-निर्देशों एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सतना के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में सिविल न्यायालय मैहर के पदस्थ न्यायिक अधिकारियों, अभियोजन अधिकारियों तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों के लिए गायन, वादन, भजन, चित्रकला, संगीत वाद्य यंत्र एवं निबंध जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, वहीं विजेताओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान न्यायालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच उत्साह और आपसी सहभागिता बढ़ाने के लिए चेयर रेस, निबंध, गायन एवं शायरी जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए कार्यक्रम को यादगार बनाया। इसके साथ ही सिविल न्यायालय मैहर में वर्षभर की उत्कृष्ट गतिविधियों एवं कार्यों के आधार पर कुछ कर्मचारियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी प्रहलाद सिंह कंवैंया, द्वितीय जिला न्यायाधीश मैहर, आदेश कुमार जैन, प्रथम जिला न्यायाधीश मैहर, सुभाष सुनेरे, तृतीय जिला न्यायाधीश मैहर एवं शरद लटोरिया, चतुर्थ जिला न्यायाधीश मैहर सहित व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड सुश्री मानू पंडवार, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड उदयजीत कुंवर तथा कनिष्ठ व्यवहार न्यायाधीश पंकज कुमार श्रीवास्तव एवं अभियोजन अधिकारी और न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
‘उल्लास एक अभिनव प्रयोग’ का उद्देश्य न्यायालयीन कार्य की व्यस्तता के बीच अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनके बीच बेहतर समन्वय, सकारात्मक सोच और सौहार्दपूर्ण कार्य वातावरण विकसित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी