मैहर : छोटी बहन को बचाकर खुद बस की चपेट में आई बड़ी बहन, मौके पर मौत

 


मैहर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मां शारदा मंदिर क्षेत्र के देवी जी धाम में ढलान पर खड़ी श्रद्धालुओं से भरी एक यात्री बस अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगी। इसी दौरान बस की चपेट में आई छात्रा ने अपनी छोटी बहन को धक्का देकर दूर कर दिया और उसकी जान बचा ली, लेकिन खुद को नहीं बचा सकी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब छह बजे देवी जी धाम में बंधा बैरियर के पास हुई। चित्रकूट से श्रद्धालुओं को लेकर पहुंची यात्री बस क्रमांक यूपी 65 जीटी 6310 ढलान पर खड़ी थी। बताया जाता है कि बस बंद हालत में खड़ी थी। इसी दौरान अचानक वह पीछे की ओर खिसकने लगी और प्रसाद की दुकान के सामने मौजूद 15 वर्षीय अंजना यादव को अपनी चपेट में ले लिया।

मृतका की पहचान देवी जी धाम आकंडी निवासी लालमन यादव की पुत्री अंजना यादव के रूप में हुई है। वह कन्या शाला में कक्षा दसवीं की छात्रा थी। हादसे के दौरान अंजना ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी छोटी बहन को बस के सामने से धक्का देकर दूर कर दिया, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन बस की चपेट में आने से अंजना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि ढलान पर खड़ी बस अचानक पीछे कैसे लुढ़क गई। क्या चालक ने हैंडब्रेक लगाया था और क्या पहियों के आगे कोई अवरोध रखा गया था? शुरुआती जानकारी में चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय चालक बस में मौजूद था या नहीं और वाहन को ढलान पर किस परिस्थिति में खड़ा किया गया था।

मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पर्व और विशेष अवसरों पर यहां यात्री वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में मंदिर क्षेत्र के ढलान वाले मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बसों की सुरक्षित पार्किंग तथा यातायात प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अंजना की दर्दनाक मौत ने यात्री वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी