बाबा अलाउद्दीन खां साहेब की स्मृति में मैहर में होगा भव्य एवं दिव्य आयोजन

 


मैहर, 6 नवंबर (हि.स.)। मां शारदा की नगरी मैहर में महान संगीत साधक बाबा अलाउद्दीन खां साहेब की स्मृति में इस वर्ष भी विशेष आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के साथ इसमें स्थानीय कलाकारों और देश-प्रदेश के ख्याति प्राप्त कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन में बघेली व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को आकर्षित करेगा।

आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर विदिशा मुखर्जी उपस्थित रहीं।

कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने बताया कि इस बार आयोजन को भव्य स्वरूप देने के साथ कई नवाचार भी किए जाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ख्याति प्राप्त कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा बघेली व्यंजनों को भी आयोजन का विशेष आकर्षण बनाया जाएगा।

सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मैहर बाबा अलाउद्दीन खां साहेब की कर्मभूमि रही है। बाबा मां शारदा के परम भक्त थे। संगीत की अधिष्ठात्री देवी मां शारदा के प्रति उनकी गहरी आस्था थी। वे मंदिर के ऊपर पहाड़ी पर मां के सम्मुख बैठकर संगीत का रियाज किया करते थे। बाबा ने अपनी संगीत साधना से मैहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। मैहर बैंड सहित संगीत के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने सभी से मिलकर इस आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने की अपील की।

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि मैहर की धरती ने अनेक संतों, कर्मयोगियों और महान विभूतियों को जन्म दिया है। बाबा अलाउद्दीन खां साहेब भी ऐसी ही महान विभूति थे, जिन्होंने अपनी साधना और संगीत से मैहर को विशिष्ट पहचान दिलाई। उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए हर वर्ष यह आयोजन किया जाता है। उन्होंने मैहरवासियों और संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी