मैहर में मां शारदा के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, दोपहर तक 80,885 भक्तों ने टेका माथा

 


मैहर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को मध्य प्रदेश के मैहर के त्रिकूट पर्वत स्थित मां शारदा शक्तिपीठ में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। दोपहर तीन बजे तक 80,885 श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके थे। पर्वत पर आस्था के इस सैलाब को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजामों पर विशेष निगरानी रखी। इसी बीच मंदिर में मां को छप्पन भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई। नवरात्र मेले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए भी विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, बुधवार दोपहर तीन बजे तक पैदल मार्ग से 76,555, वैन मार्ग से 930 और रोपवे के माध्यम से 3,400 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल, तहसीलदार और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखी, जिससे दर्शनार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मां शारदा को अर्पित किया छप्पन भोग, भंडारे में मिला सहयोग

नवरात्र की चतुर्थी पर मां शारदा देवी के चरणों में छप्पन भोग अर्पित किया गया। यह सेवा मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति के अन्नकूट प्रसादालय की ओर से की गई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।

भंडारा सेवा के लिए कोतमा निवासी गुड्डू भैया पदरथ ने 21 हजार रुपये की राशि प्रदान की। वहीं, सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र के पटेहरा कंधवार निवासी संतोष कुमार गुप्ता ने भी 21 हजार रुपये का सहयोग दिया। इस प्रकार दोनों श्रद्धालुओं ने मिलकर भंडारा सेवा के लिए कुल 42 हजार रुपये की अनुदान राशि दी।

रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी की पहल पर मंदिर क्षेत्र में नौ दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला आयोजित की जा रही है।

इसी क्रम में बुधवार को देवी जी मार्ग स्थित बंधा बैरियर परिसर में रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं के माध्यम से रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।

मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान

नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जागरूकता-सह-निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इसके तहत मेला परिसर में चलित खाद्य सुरक्षा परीक्षण प्रयोगशाला तैनात की गई है। मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा दल विभिन्न खाद्य स्टॉल, मिठाई की दुकानों और भोजनालयों का निरीक्षण कर रहा है, ताकि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी मानकों की निगरानी की जा सके।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों और वेंडरों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि बासी भोजन का इस्तेमाल न करें और न ही उसे ग्राहकों को परोसें। खाद्य पदार्थों तथा मिठाइयों में अखाद्य या अमानक रंगों के उपयोग पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। अभियान का उद्देश्य मिलावट पर अंकुश लगाने के साथ दुकानदारों को सुरक्षित खाद्य व्यवस्था के प्रति जागरूक करना भी है, ताकि नवरात्र मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी