मैहर में 13 नवंबर से शुरू होगा 52वां उस्ताद अलाउद्दीन खां समारोह, तीन दिन सजेगी सुरों की महफिल
मैहर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में भारतीय शास्त्रीय संगीत, गायन, वादन और नृत्य की समृद्ध परंपरा को समर्पित 52वां उस्ताद अलाउद्दीन खां समारोह 13 नवंबर से आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ शाम 7 बजे स्टेडियम ग्राउंड में होगा। समारोह में देश के ख्यातनाम कलाकार शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे।
मुख्य समारोह से एक दिन पहले 12 नवंबर को उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम के फुटबॉल मैदान में शाम 7 बजे पूर्वरंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक नृत्य, गायन और वादन की प्रस्तुतियां देंगे। 13 नवंबर को समारोह का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी के मुख्य आतिथ्य में होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में सतना सांसद गणेश सिंह और मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी उपस्थित रहेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल और मैहर नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। 13 से 15 नवंबर तक चलने वाले समारोह में भारतीय शास्त्रीय संगीत की विभिन्न विधाओं के साथ नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल तथा संस्कृति संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से किया जा रहा है।
समारोह के पहले दिन 13 नवंबर को संतूर वादन, कथक, शास्त्रीय गायन और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां होंगी। इनमें संतूर वादक शिवांग मिश्रा सहित अन्य ख्यातनाम कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 14 नवंबर को समारोह में तबला वादन, ओडिसी नृत्य, शास्त्रीय गायन और बांसुरी वादन की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भारतीय संगीत की विविध परंपराओं से परिचित कराएंगे।
15 नवंबर को समारोह के अंतिम दिन ओडिसी नृत्य, संतूर वादन, शास्त्रीय गायन, मैंडोलिन वादन और कथक की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। तीनों दिन संगीत और नृत्य की अलग-अलग विधाओं का संगम देखने को मिलेगा। समारोह के आयोजन में उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, मैहर कलेक्टर एवं जिला आयोजन समिति की अध्यक्ष बिदिशा मुखर्जी, संस्कृति संचालनालय के संचालक एनपी नामदेव तथा संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत, पारंपरिक कलाओं और उस्ताद अलाउद्दीन खां की महान संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यह आयोजन संगीत साधकों और कला प्रेमियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी