राजगढ़ः नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में पदयात्रा व महिला सम्मेलन आयोजित

 


राजगढ़, 16 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय स्थित मंगल भवन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में गुरुवार को पदयात्रा एवं महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पदयात्रा के माध्यम से आमजन को महिला सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रदेष के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार,कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर,पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा,महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मोना सुस्तानी सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री मोना सुस्तानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान दिलाना है, जिसे इस अधिनियम के माध्यम से साकार किया गया है। उन्होंने 33 प्रतिशत आरक्षण को महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर योजनाएं ला रही है और यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त बनाएगा। वहीं, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने भारतीय संस्कृति में नारी को देवी स्वरूप बताते हुए कहा कि इतिहास में झांसी की रानी और अहिल्याबाई जैसी वीरांगनाओं ने समाज को दिशा दी है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और समाज में समान अधिकार सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक