महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं से बोलीं रूप कुमारी चौधरी-जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ दिलाएं
भोपाल, 25 सितंबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में ‘महिला कार्यकर्ता संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से समाज के बीच सक्रिय रहकर जरूरतमंद परिवारों से संपर्क करने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया। इससे पहले उन्होंने प्रदेश कार्यालय परिसर में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि महिला मोर्चा की भूमिका केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। सेवा और संपर्क के माध्यम से महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महिला मोर्चा को ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का दायित्व दिया गया है। इसके माध्यम से महिला कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर सेवा और संपर्क गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगी।
योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शौचालय निर्माण, उज्ज्वला और जन-धन जैसी योजनाओं से महिलाओं को लाभ मिला है। उन्होंने मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं को जरूरतमंद परिवारों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए और संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ लेने में सहयोग करना चाहिए।
महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत का संकल्प संभव नहीं
रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि महिलाएं शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, राजनीति और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित और सशक्त भारत के लक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। महिला मोर्चा को महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सेवा और संपर्क के माध्यम से संगठन और समाज के बीच संवाद को मजबूत करें तथा बूथ और परिवार स्तर तक संगठन के कार्यक्रमों एवं योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य प्रज्ञा त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा, जिला महामंत्री मोना सुस्तानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं। मंच संचालन प्रदेश पैनलिस्ट गुंजन चौकसे ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे