महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष लांबा के नेतृत्व में इंदौर से भोपाल तक निकलेगी वाहन रैली
भाेपाल, 1 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में महिला कांग्रेस के इतिहास में पहली बार आगामी 3 दिसंबर को इंदौर से भोपाल तक वाहन रैली निकाली जाएगी। इस रैली का नेतृत्व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा करेंगी। लांबा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरिसी सेतिया भोपाल जाकर पदभार ग्रहण करेंगी।
महिला कांग्रेस के मध्य प्रदेश के अध्यक्ष का दायित्व एक बार फिर इंदौर की महिला नेत्री को मिला है। इस पद पर नियुक्त किए जाने के बाद रीना बौरासी सेतिया के द्वारा 3 दिसंबर को कार्यभार ग्रहण किया जाएगा। उन्हें कार्यभार दिलाने के लिए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा 2 दिसंबर को इंदौर पहुंच रही है। इसके लिए इंदौर से वाहनों की रैली शुरू होगी। यह रैली सुबह 8:30 बजे शुरू होकर अरविंदो अस्पताल होते हुए सांवेर पहुंचेगी। वहां से बड़ोदिया खान, तपोभूमि होकर देवास, सोनकच्छ, मेघवाड़ा, जावर, आस्टा, सीहोर होते हुए दोपहर में 1:00 बजे भोपाल पहुंच जाएगीं।
भोपाल में रीना बौरासी के कार्यभार ग्रहण करने के मौके पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर आयोजित किए गए कार्यक्रम को उक्त सभी नेता संबोधित करेंगे। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक भी आयोजित की जाएगी। इस आयोजन के लिए इंदौर से तैयारी शुरू हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे