भोपाल शहर यूथ कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष की नियुक्ति पर फिर बवाल, महिलाओं का प्रदर्शन, रेप का आरोपी बताया
भोपाल, 6 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के भोपाल (शहरी) जिले में अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद नए रूप में सामने आ गया है। जिस युवा कांग्रेसी को शुक्रवार काे यूथ कांग्रेस के शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी, उसके खिलाफ महिलाओं ने रेप का आरोप लगाया है। शनिवार काे विरोध में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताएं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंची। जहां उन्होंने अमित खत्री की नियक्ति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर शनिवार सुबह हंगामा गया। दरअसल, मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस ने अमित खत्री को भोपाल जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। लेकिन नियुक्ति की खबर जैसे ही बाहर आई, कांग्रेस की ही महिला कार्यकर्ताएं सड़क पर उतर आईं। कारकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि एक बलात्कारी को जिला अध्यक्ष बना दिया गया है। बलात्कार करने वाला व्यक्ति आज युवक कांग्रेस का जिला अध्यक्ष है। ये शर्मनाक है, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसे तुरंत हटाया जाए और पार्टी से निष्कासित किया जाए। इस दौरान महिलाओं ने अपने हाथ में एफआईआर की कॉपी ली हुई थी, उसमें अमित खत्री पर साल 2022 में बलात्कार का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा एससी-एसटी एक्ट, मारपीट, धमकी सहित आधा दर्जन से ज्यादा मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने आँख बंद करके नियुक्ति कर दी। उनकी मांग थी कि बलात्कारी जिला अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने खन्नी को पार्टी से भी निष्कासित करने की मांग की।
गाैरतलब है कि नेशनल यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को शहर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित दुबे को तत्काल प्रभाव से हटाने और चुनाव में फर्स्ट रनर-अप रहे अमित खत्री को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया था। यह फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया गया, इसके चंद घंटों बाद नया विरोध सामने आ गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे