मंदसौरः अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने जिला सहकारी बैंक में समीक्षा बैठक ली

 


मन्दसौर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। म.प्र. राज्य सहकारी बैंक मर्यादित भोपाल (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने मंगलवार को जिला सहकारी बैंक मन्दसौर में समस्त शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में यादव द्वारा निर्देश दिये गये कि बैंक कार्यक्षेत्र में किसान क्रेडिट कार्ड से वंचित सभी किसानों को क्रेडिट कार्ड दिये जावें एंव नवीन सदस्यता प्रदान कर अधिकतम किसानों को सहकारिता के माध्यम से लाभान्वित किया जावें। इस हेतु समस्त शाखा प्रबंधकों को फिल्ड में सतत सम्पर्क हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही यादव द्वारा निर्देषित किया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एंव केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के श्वेत क्रांति के संकल्प को पूरा करने हेतु क्षैत्र में दुग्ध उत्पादन की वृद्धि हेतु हर सम्भव प्रयास किये जावें। नवीन दुग्ध सहकारी संस्थाओं का गठन किया जावें, डेयरी एंव पशुपालन हेतु अधिकाधिक प्रकरणों में वित्त पोषण किया जाए।

बैठक के प्रारंभ में बैंक मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनिल कच्छारा एंव सांख्यिकी अधिकारी मुकेश पालीवाल द्वारा बैंक की प्रगति से अवगत कराते हुए प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। श्री यादव द्वारा सहकारी बैंक के कर्मचारियों की पदोन्नति के सम्बंध में अपेक्स बैंक स्तर पर तत्काल कार्यवाही हेतु आश्वस्त किया गया। सभा को सम्बोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश दीक्षित द्वारा कहा गया की यह हमारे लिए गर्व की बात हैं कि जिला सहकारी बैंक मन्दसौर प्रदेश के बैंको में अग्रणी हैं। बैंक को विगत वर्ष में प्रदेष एंव राष्ट्रीय स्तर पर कई बार पुरूस्कृत किया गया। सभा में उप आयुक्त सहकारिता राजू डाबर, भाजपा नेता विनय दुबेला, अजय सिंह चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनुप्रिया यादव आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर यादव के करकमलो से 02 हितग्राहियों को पशुपालन हेतु 2.80 लाख एंव 03 हितग्राहियों को वायर फेंसिंग हेतु 4.80 लाख ऋण राशि के चेक प्रदान किये गये। साथ ही आई.बी.पी.एस. के माध्यम से चयनित 11 बैंकिंग सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम का संचालन मुकेश पालीवाल द्वारा किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया