अनूपपुर: 151 दीपों से मना महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव, जैन समाज ने की पूजा, श्रद्धालुओं ने चढ़ाए निर्वाण लाडू

 




अनूपपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार को भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण लाडू महोत्सव मनाया गया। अमरकंटक के दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में 151 दीप जलाए गए। यहां शाम को महाआरती भी होगी। कार्तिक अमावस्या पर जिले के अनूपपुर, जैतहरी, कोतमा, बिजुरी और अमरकंटक में जैन समाज के लोगों ने पूजा-अर्चना की।

अमरकंटक के सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में सुबह से ही जिलेभर के श्रद्धालु पहुंचे। भगवान आदिनाथ और 24वें तीर्थंकर महावीर स्वामी की प्रतिमाओं के सामने शांतिधारा, विशेष विधान, पूजा और मंत्रोच्चार किए गए। श्रद्धालुओं ने निर्वाण लाडू चढ़ाए और अहिंसा, सत्य, संयम व आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। जैन समाज के लोगों ने विश्व और समाज में सुख-शांति की कामना की। मान्यता है कि भगवान महावीर ने कार्तिक अमावस्या के दिन बिहार के पावापुरी में निर्वाण प्राप्त किया था। उनकी स्मृति में हर साल यह पर्व मनाया जाता है।

151 दीपों से सजा तीर्थ परिसर

निर्वाण महोत्सव के अवसर पर अमरकंटक के दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र को सजाया गया। यहां 151 दीप प्रज्वलित किए गए। शाम को होने वाली महाआरती में स्थानीय लोगों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के शामिल होने की बात कही गई है।

कार्यक्रम में सुनील जैन बाबा, देवेंद्र जैन चिन्नू, आदित्य जैन, अनुज जैन, राकेश जैन, नीलेश जैन, वीरेंद्र जैन, प्रकाश चंद जैन, पुनीत जैन, सोनू जैन, मोनू जैन, दीपचंद जैन, संदीप जैन, सुनील जैन, प्रशांत जैन, गोलू जैन, पंकज जैन, प्रकाश जैन, अभिषेक जैन, दया जैन, महेश जैन, निधि जैन और ललित जैन सहित सकल जैन समाज के पदाधिकारी, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला