सागर: महावीर जयंती पर साेमवार काे रहेगा सार्वजनिक अवकाश, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

 


सागर, 29 मार्च (हि.स.)। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्मोत्सव को लेकर सागर जिला प्रशासन ने रविवार को बड़ा निर्णय लिया है। जिले में महावीर जयंती का सरकारी अवकाश अब 30 मार्च, सोमवार को रहेगा। पूर्व में कैलेंडर के अनुसार यह अवकाश 31 मार्च को निर्धारित था, जिसे लेकर काफी समय से संशय की स्थिति बनी हुई थी।

राज्य सरकार द्वारा स्थानीय पर्वों और तिथियों के अनुसार अवकाश निर्धारित करने का अधिकार जिला कलेक्टरों को दिया गया है। इसी शक्ति का प्रयोग करते हुए सागर कलेक्टर संदीप जीआर ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया कि जैन समाज द्वारा महावीर जयंती का मुख्य पर्व 30 मार्च को मनाया जा रहा है, इसलिए जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में सोमवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

प्रशासन द्वारा जारी स्पष्टीकरण के अनुसार:

30 मार्च (सोमवार): संपूर्ण जिले में सार्वजनिक अवकाश।

31 मार्च (मंगलवार): सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और संस्थाएं नियमित रूप से खुलेंगी।

महावीर जयंती के अवसर पर सागर के विभिन्न जैन मंदिरों में सुबह से ही अभिषेक, शांतिधारा और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। शहर के मुख्य मार्गों से भव्य जीर्णोद्धार शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा जीवदया और सेवा के कार्य भी किए जाएंगे।

त्योहार : भगवान महावीर जयंती 2026

नया अवकाश दिन : 30 मार्च, सोमवार

कार्य दिवस : 31 मार्च, मंगलवार (दफ्तर खुलेंगे)

आदेश जारीकर्ता : कलेक्टर संदीप जीआर, सागर

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे