महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, मंत्री गोविंद सिंह बोले— महापुरुष पूरे देश के आदर्श

 


सागर, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सीहोरा में बुधवार को वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अद्वितीय प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया।

प्रतिमा का अनावरण खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर पर एक विशाल क्षत्रिय समाज सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें सागर सहित आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में युवा, मातृशक्ति, समाजजन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रतिमा अनावरण के दौरान पूरे सीहोरा क्षेत्र में दीपावली और उत्सव जैसा माहौल देखा गया। कार्यक्रम स्थल महाराणा प्रताप के गगनभेदी जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित समाजजनों ने अपने आराध्य महापुरुष की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके दिखाए मार्ग व सिद्धांतों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।

विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा मात्र नहीं थे, बल्कि वे राष्ट्रभक्ति, त्याग, अटूट संघर्ष और आत्मसम्मान के जीवंत प्रतीक हैं। उनका गौरवशाली जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। विषम से विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी मातृभूमि और स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया। आज के समय में हमारी युवा पीढ़ी को उनके इन महान आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

मंत्री राजपूत ने आगे जोड़ते हुए कहा कि यह भव्य प्रतिमा केवल एक पत्थर की संरचना नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को हमारे समृद्ध इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने वाला एक जीवंत प्रेरणा केंद्र बनेगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि महापुरुष कभी किसी एक जाति या समाज तक सीमित नहीं होते, वे पूरे राष्ट्र के आदर्श होते हैं। उन्होंने उपस्थित जनता से समाज के कमजोर, पिछड़े, असहाय वर्गों तथा महिलाओं की मदद करने और उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

मंत्री राजपूत ने कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि पिछले कई वर्षों से महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर भव्य वाहन रैलियों का आयोजन किया जाता रहा है। लेकिन इस वर्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण तथा पेट्रोल-डीजल की बचत के संदेश का सम्मान करते हुए समाज ने एक नई पहल की। इस बार कोई वाहन रैली नहीं निकाली गई, बल्कि सभी समाजजन सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का एक उत्कृष्ट और अनुकरणीय उदाहरण बताया।

अपने उद्बोधन में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज भारत वैश्विक मंच पर एक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। देश में इंफ्रास्ट्रक्चर, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, किसान हित और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। वहीं, मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं, जिसका सीधा लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

इस गरिमामयी अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सीहोरा में स्थापित महाराणा प्रताप की यह भव्य प्रतिमा अब इस पूरे क्षेत्र की एक नई और विशिष्ट पहचान बनेगी। यह प्रतिमा युवाओं के भीतर राष्ट्रभक्ति, गौरवशाली इतिहास और स्वाभिमान की भावना को जगाए रखेगी।

क्षत्रिय समाज के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह ने इस मौके पर समाज में व्याप्त कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने और समाज को अधिक संगठित व सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। वहीं संदीप सिंह ने युवाओं में सकारात्मक बदलाव और नई जागरूकता लाने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे