राजगढ़ः धूमधाम से मनाई वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप जयंती,निकाली बाइक रैली

 


राजगढ़, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में शनिवार को वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप की जयंती बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अखिल भारतीय राजपूत समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एक विशाल वाहन रैली मुख्य आकर्षण रही।

रैली की शुरुआत गुना बायपास चौराहा से की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ सम्मिलित हुए। समाजजनों ने हाथों में भगवा ध्वज थामे और महाराणा प्रताप के जयघोष करते हुए नगर का भ्रमण किया। रैली पीपल चौराहा, एबी रोड, अहिंसा द्वार, राजगढ़ रोड होते हुए राजगढ़ बायपास स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर पहुंची। रैली में सजाई गई भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें महाराणा प्रताप के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र रक्षा के संकल्प का अद्भुत प्रदर्शन किया गया।

नगर के विभिन्न स्थानों पर राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। प्रतिमा स्थल पहुंचकर समाजजनों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रियव्रतसिंह खींची ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप सिर्फ योद्धा ही नहीं, बल्कि स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और त्याग के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि महाराणा प्रताप के आदर्शों को सिर्फ स्मरण न करें, बल्कि जीवन में अपनाएं। कार्यक्रम में समाज जिला अध्यक्ष मधुरुप सिंह, युवा जिला अध्यक्ष अशोकपाल सिंह, विजयबहादुर सिंह, हरेंद्र सिंह, करणी सेना जिला अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित अन्य समाजजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक