अनूपपुर: सेवा संकल्प अभियान में मां नर्मदा की महाआरती,जिले में आयोजित होंगे अनेक कार्यक्रम
अनूपपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। अनूपपुर जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत मां नर्मदा की महाआरती, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, समस्त शासकीय कार्यालयों में प्रकाश व्यवस्था, कलश यात्रा सहित अन्य विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए सभी अधिकारियों की ड्यूटी पूर्व से निर्धारित की जा चुकी है। सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन आपसी समन्वय, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें। मंगलवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रही थीं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने कहा कि 17 सितंबर को सायं 7 बजे नर्मदा घाट के किनारे दीप प्रज्वलित किए जाएंगे तथा मां नर्मदा की महाआरती की जाएगी। इसी के साथ सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा से संबंधित प्रेजेंटेशन के माध्यम से महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से आगामी पांच वर्षों में कराए जाने वाले कार्यों की सूची के संबंध में कहा कि इस वर्ष जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से सबसे महत्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाले कार्यों को ही प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। ऐसे कार्य, जिन्हें विभागीय मद से कराया जाना संभव नहीं है, उन्हें जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से कराया जाए, ताकि जिले के विकास में इस मद का प्रभावी उपयोग हो सके। उन्होंने विभागवार प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में गंभीरता एवं संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिक रूप से न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता से बात कर उसकी समस्या को समझते हुए संतोषजनक एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला