मध्य प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम का असर, नर्मदा-मंदाकिनी उफान पर, आज 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 




भोपाल, 21 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय स्ट्रॉन्ग सिस्टम ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना और छतरपुर समेत कई जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है। नर्मदा और मंदाकिनी समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हालात को देखते हुए मैहर में शुक्रवार को सभी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है, जबकि डिंडौरी में आंगनवाड़ियां बंद रखने का फैसला लिया गया है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, पन्ना, सीधी और सिवनी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास और रतलाम समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

बैतूल, हरदा, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

मऊगंज में नदी में फंसे मजदूर, एक बहा

गुरुवार को मऊगंज में अष्टभुजा नदी उफान पर आ गई। तेज बहाव के कारण नईगढ़ी गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए। अमृत योजना के निर्माण कार्य में लगे चार मजदूर पानी में फंस गए, जिनमें से एक मजदूर तेज बहाव में बह गया। बताया गया कि वह करीब दो घंटे तक मदद की गुहार लगाता रहा। उमरिया में भी एक बुजुर्ग के बाढ़ के पानी में बहने की सूचना है। डिंडौरी में भारी बारिश के कारण आंगनवाड़ी से लेकर 12वीं तक के स्कूल बंद रहे। खरमेर नदी का पानी पुल के ऊपर पहुंचने से डिंडौरी-मंडला स्टेट हाईवे पर आवागमन प्रभावित हुआ।

चित्रकूट बाजार तक पहुंचा मंदाकिनी का पानी

सतना के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर है और इसका पानी बाजार क्षेत्र तक पहुंच गया। कई सड़कों पर नाव चलानी पड़ी। गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाओं को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। रीवा के निराला नगर हॉस्टल समेत 9 इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से सामान भीग गया। पन्ना में भी एहतियात के तौर पर 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया।

अब तक 23.6 इंच बारिश, फिर भी सामान्य से 11 प्रतिशत कम

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ और अन्य मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज बारिश हो रही है। 20 से 24 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 599 मिमी यानी 23.6 इंच बारिश हो चुकी है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक 675.1 मिमी यानी 26.6 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक करीब 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 11 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

39 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश

पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश का आंकड़ा अभी भी सामान्य से नीचे है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में 4 से 58 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।

वहीं पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 5 से 39 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। इसके उलट अनूपपुर, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन और राजगढ़ में अब तक औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत