मध्य प्रदेश में कल से बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
भोपाल, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कल, 18 मार्च से प्रदेश में एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से अगले तीन दिनों तक आधे से ज्यादा जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी इसका असर पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो जाएगा, जिसका प्रभाव मध्य प्रदेश में भी पड़ेगा। इसी वजह से 18, 19 और 20 मार्च के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इससे पहले सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी महसूस की गई। मंगलवार को भी तापमान बढ़ा रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। मार्च के इस सीजन में पहली बार इतना मजबूत मौसम सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इसके कारण करीब तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर बना रह सकता है। कहीं बारिश और आंधी के साथ गरज-चमक होगी, तो कुछ जगहों पर बादल छाए रहने के आसार हैं।
फिलहाल तीन सिस्टम एक्टिव, लेकिन असर कम
मौसम विभाग के अनुसार इस समय प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, लेकिन इनका प्रभाव ज्यादा नहीं दिख रहा है। इसी वजह से सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गर्मी का असर बना रहा। खरगोन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, रायसेन, सिवनी, मंडला, टीकमगढ़, सागर और खजुराहो में भी तापमान 37 डिग्री या उससे अधिक रहा। पांच बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भोपाल में 35.2 डिग्री, इंदौर में 35 डिग्री, ग्वालियर में 34.1 डिग्री और उज्जैन में 35 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अप्रैल-मई में पड़ेगी ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग ने इस साल अप्रैल और मई में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। इन महीनों में ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। विभाग का अनुमान है कि इस बार अप्रैल और मई के दौरान करीब 15 से 20 दिन तक हीट वेव यानी लू चल सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत