मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम-छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश की चेतावनी, 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

 




भोपाल, 03 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसूनी बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। इसके असर से गुरुवार को प्रदेश के आधे हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट, जबकि छतरपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी और बैतूल में ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

लगातार बारिश, नदी-नालों में उफान और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए छतरपुर कलेक्टर मृणाल मीणा ने गुरुवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यह छुट्टी सिर्फ विद्यार्थियों के लिए रहेगी। शिक्षकों को स्कूल पहुंचकर शैक्षणिक और विभागीय कार्य पूरे करने होंगे।

जबलपुर-डिंडौरी समेत इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, सीहोर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, डिंडौरी, मंडला, पांढुर्णा और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, रायसेन, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सिवनी, नरसिंहपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर और छतरपुर में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।

4 सितंबर से पश्चिमी हिस्से में बढ़ेगा सिस्टम का असर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 4 सितंबर को सिस्टम आगे बढ़ेगा। इसके बाद भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम और चंबल संभाग में इसका ज्यादा असर दिखाई दे सकता है। भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि इंदौर में तेज बारिश का अनुमान नहीं है। 5 सितंबर को प्रदेश के उत्तरी हिस्से में तेज बारिश हो सकती है। वहीं 6 सितंबर को ग्वालियर-चंबल संभाग में सिस्टम का असर देखने को मिलेगा।

प्रदेश में अब तक 28.1 इंच बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब तक 714.2 मिमी यानी 28.1 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य बारिश 31.5 इंच (799.9 मिमी) के मुकाबले 3.4 इंच कम है। ओवरऑल प्रदेश में सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में सामान्य से 17 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छतरपुर, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में बारिश 2 प्रतिशत से 51 प्रतिशत तक कम है।

पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, खंडवा, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 2 प्रतिशत से 53 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है। वहीं, अनूपपुर, मऊगंज, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत