मध्य प्रदेश में आज 27 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 6 मई तक बदला रहेगा मौसम

 




भोपाल, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में इन दिनों आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार को राजधानी भोपाल सहित 20 से अधिक जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। कई स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में यह स्थिति 6 मई तक बनी रह सकती है।

रविवार के लिए प्रदेश के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं।

शनिवार को दोपहर बाद भोपाल में बारिश हुई। रायसेन जिले में तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। छुछार गांव स्थित हरशिव वेयरहाउस की टीन शेड उड़ गई, जहां करीब 5000 मीट्रिक टन सरकारी मूंग भंडारित थी। बरेली और बाड़ी क्षेत्रों में भी अनाज भीगने से सरकारी खरीदी प्रभावित हुई है। सीहोर जिले के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। बोरदी स्थित विनायक वेयरहाउस के बाहर करीब 2 किलोमीटर तक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखी फसल भीग गई।

वहीं, बालाघाट में दोपहर बाद गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। ब्यावरा में आंधी के कारण दुकानों के फ्लैक्स उड़ गए, जबकि पिपरिया में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। आमतौर पर मई महीने में प्रदेश में तेज गर्मी का असर रहता है, लेकिन इस बार महीने की शुरुआत ही आंधी और बारिश के साथ हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो ट्रफ सक्रिय होने के कारण प्रदेश का मौसम प्रभावित हुआ है, जिससे अगले चार दिन तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत