मप्र में नौतपा में बदला मौसम का मिजाज, भोपाल में आधी रात चली तेज आंधी, आज 47 जिलों में बारिश का अलर्ट
भोपाल, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इस बार नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और लू की बजाय आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है। शनिवार रात राजधानी भोपाल में तेज हवाओं ने मौसम का रुख बदल दिया, जबकि रविवार सुबह कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। तेज आंधी के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।
शनिवार रात करीब 12:30 बजे से सुबह 3 बजे तक भोपाल में तेज हवाएं चलती रहीं। कई क्षेत्रों में बिजली गुल होने की शिकायतें सामने आईं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले घंटों में भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम विभाग ने रविवार को देवास, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, छतरपुर, कटनी, उमरिया और शहडोल जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दो दिन से सक्रिय है बारिश का सिस्टम
पिछले दो दिनों से प्रदेश के बड़े हिस्से में मौसम सक्रिय बना हुआ है। शुक्रवार शाम से शनिवार रात तक कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। टीकमगढ़ में सबसे अधिक करीब सवा इंच वर्षा हुई, जबकि दतिया और नौगांव में भी तेज बारिश हुई। ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, रीवा, सागर, सतना, दमोह, खजुराहो, मंदसौर, देवास, झाबुआ, बैतूल, बालाघाट, मुरैना और श्योपुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। श्योपुर में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
कई शहरों में तेजी से गिरा तापमान
बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। नौगांव, जो कुछ दिन पहले प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल था, वहां तापमान तीन दिनों में करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। 27 मई को नौगांव का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को घटकर 35.5 डिग्री सेल्सियस रह गया। शनिवार को ग्वालियर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री, जबलपुर 38.2 डिग्री, इंदौर 38.8 डिग्री, उज्जैन 39 डिग्री और भोपाल 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नरसिंहपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में रहेगा मौसम का असर
ओलावृष्टि की संभावना वाले जिलों में देवास, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, छतरपुर, कटनी, उमरिया और शहडोल शामिल हैं। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, विदिशा, धार, झाबुआ, मंदसौर, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, सागर, पन्ना, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 मई से 3 जून तक प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी जिले में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मई महीने में पहली बार प्रदेशभर में भीषण गर्मी का असर कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत