मध्य प्रदेश का मौसम फिर बिगड़ा, 3 सिस्टम एक्टिव, अगले 24 घंटों में 18 जिलों में बारिश का अलर्ट
भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। प्रदेश के ऊपरी हिस्से में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने के कारण आंधी और बारिश का दौर तेज हो गया है। मंगलवार को खासतौर पर ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में मौसम अस्थिर बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज बुधवार को दतिया, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर समेत कुल 18 जिलों में अगले 24 घंटों के भीतर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इससे पहले मंगलवार को भिंड, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़, सतना के चित्रकूट और रीवा में मौसम का असर साफ दिखाई दिया। कहीं तेज आंधी चली तो कई जगहों पर बारिश हुई। कुछ जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिला। शिवपुरी, दतिया, धार, पीथमपुर और झाबुआ में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि रतलाम में धूल भरी हवाएं चलीं।
मौसम विभाग ने आगे जानकारी दी है कि 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में तेज हवाओं का दौर भी जारी रहेगा। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने का अनुमान है। आमतौर पर दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत