मध्य प्रदेश के 44 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, डिंडौरी-उमरिया में भारी वर्षा की संभावना

 




- 19 जुलाई से सक्रिय होगा मौसम का नया सिस्टम

भोपाल, 18 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। आज शनिवार को भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें डिंडौरी और उमरिया में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 जुलाई से पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में लगातार तेज बारिश का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं। बीते शुक्रवार को करीब नौ दिन बाद उमरिया, डिंडौरी, बालाघाट सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में भी दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण प्रदेश में बारिश का माहौल बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना लो प्रेशर एरिया आगे बढ़ रहा है। इसके साथ सक्रिय ट्रफ के जरिए लगातार नमी मिल रही है। जैसे-जैसे यह सिस्टम मजबूत होगा, प्रदेश में बारिश की तीव्रता भी बढ़ती जाएगी। शनिवार से सक्रिय होने वाले नए सिस्टम के कारण अगले चार दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

आज इन जिलों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान डिंडौरी और उमरिया में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा श्योपुर, गुना, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन, आगर-मालवा, रतलाम, नीमच और मंदसौर में मौसम साफ रहने के साथ धूप निकल सकती है।

सामान्य से 15 फीसदी कम बारिश

जुलाई के शुरुआती नौ दिनों में प्रदेश के किसी भी जिले में भारी या अति भारी बारिश दर्ज नहीं हुई। इसका असर प्रदेश के कुल वर्षा आंकड़ों पर भी पड़ा है। अब तक मध्य प्रदेश में 247 मिमी (9.7 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य औसत 291 मिमी (11.5 इंच) है। यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा 26 प्रतिशत कम दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में भी सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत