मध्य प्रदेश में गर्मी का सितम जारी, खजुराहो में पारा 45 डिग्री पहुंचा, इंदौर-भोपाल में टूटे पुराने रिकॉर्ड

 




- आज प्रदेश के 13 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी

भोपाल, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अप्रैल महीने की गर्मी इस बार रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर पहुंच गई है। रविवार को आंधी और हल्की बारिश के बावजूद तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कई शहरों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। खजुराहो में पहली बार पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि इंदौर में 6 साल और भोपाल-जबलपुर में 3 साल का तापमान रिकॉर्ड टूट गया।

सोमवार के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, शाजापुर, देवास, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मंडला, सिवनी, बालाघाट और छिंदवाड़ा शामिल हैं। इंदौर और उज्जैन में दिन के साथ रातें भी गर्म रहने की संभावना जताई गई है। इंदौर और उज्जैन में सोमवार को दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर बना रहेगा। वहीं श्योपुर, मुरैना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। भोपाल, जबलपुर सहित अन्य जिलों में भी तेज गर्मी बनी रहने का अनुमान है।

बीते रविवार को प्रदेश में कई जगह तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। खजुराहो के बाद नौगांव में 44.6 डिग्री, सागर और नर्मदापुरम में 44.4 डिग्री, दमोह में 44.2 डिग्री, जबकि श्योपुर, मंडला, दतिया और टीकमगढ़ में 44 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा शाजापुर में 43.7 डिग्री, रायसेन, सतना, रतलाम और गुना में 43.6 डिग्री, रीवा और मलाजखंड में 43.5 डिग्री, सीधी में 43.4 डिग्री तथा बैतूल में 43 डिग्री तापमान रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल और इंदौर में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया। जबलपुर में 43.5 डिग्री, ग्वालियर में 42.9 डिग्री और उज्जैन में 42.5 डिग्री दर्ज किया गया।

रिकॉर्ड की बात करें तो इंदौर में इस बार अप्रैल का तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया, जो 2019 के बाद सबसे ज्यादा है और 6 साल का रिकॉर्ड टूट गया। भोपाल में यह 10 साल का तीसरा सबसे गर्म दिन रहा, जबकि जबलपुर में भी 3 साल बाद इतनी अधिक गर्मी दर्ज की गई।

तेज गर्मी के बीच रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश भी हुई। इंदौर, महू, भोपाल, सीहोर, रतलाम, शाजापुर, सागर और विदिशा के गंजबासौदा सहित कई क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य भाग में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिला। साथ ही अगले तीन दिनों तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत