मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, आज खंडवा-हरदा में रेड अलर्ट, 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 




भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 9 दिन की देरी से 24 जून को प्रदेश में दस्तक देने वाला मानसून गुरुवार को उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों तक भी पहुंच गया। हालांकि, अब तक प्रदेश के 38 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि भोपाल, इंदौर और देवास में सबसे अधिक वर्षा हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। शुक्रवार को खंडवा और हरदा जिलों के लिए अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, बुरहानपुर और बैतूल में भी अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान इन इलाकों में 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है।

इसके अलावा रतलाम, उज्जैन, राजगढ़, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं आलीराजपुर, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, इंदौर, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, जबलपुर, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, कटनी, शहडोल और मंडला में भी तेज बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है।

सीजन में पहली बार जारी हुआ रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 6 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में अति भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जो इस मानसून सीजन का पहला रेड अलर्ट है। गुरुवार को राजधानी भोपाल सहित 15 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत