मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी, खजुराहो सबसे गर्म, भोपाल ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड
भोपाल, 29 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश का पर्यटन स्थल खजुराहो मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी भोपाल में पारा 43.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले 10 वर्षों में दूसरा सबसे गर्म दिन और इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर है।
मौसम में बदलाव का कारण साइक्लोनिक सर्कुलेशन की सक्रियता को माना जा रहा है, जिसके चलते प्रदेश के उत्तरी हिस्सों ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि बुधवार को 15 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, विदिशा, सागर, रायसेन, मंडला और छिंदवाड़ा शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना और रीवा में दिन के समय लू का असर रहेगा, जबकि शाम के बाद मौसम में बदलाव के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, बालाघाट, सिवनी और बैतूल में भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचने को कहा गया है, क्योंकि इस दौरान लू का प्रभाव सबसे अधिक रहता है। राजधानी भोपाल में भी फिलहाल गर्मी से राहत के आसार कम हैं।
बीते मंगलवार को खजुराहो के अलावा कई शहरों में तापमान 44 डिग्री के पार दर्ज किया गया। सीधी में 44.6 डिग्री और श्योपुर में 44 डिग्री तापमान रहा। वहीं रायसेन में 43.8 डिग्री, उमरिया में 43.5 डिग्री, खंडवा में 43.4 डिग्री, मुरैना में 43.3 डिग्री, मंडला में 43.2 डिग्री और रतलाम-दमोह में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। भोपाल में 43.6 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री, ग्वालियर और उज्जैन में 41 डिग्री तथा जबलपुर में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
गौरतलब है कि भोपाल में गर्मी के रिकॉर्ड की बात करें तो साल 2017 से 2025 के बीच एक बार ही पारा 43.7 डिग्री पर गया है, जो 30 अप्रैल 2019 को दर्ज किया गया था। इस हिसाब से इस साल 28 अप्रैल का दिन 10 साल में दूसरा सबसे गर्म दिन रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत