मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में 4 दिन रहेगा बारिश का दौर, आज 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अगले चार दिन बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना है। आज शनिवार को रीवा, सीधी, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश हो सकती है। राजधानी भोपाल में रिमझिम बारिश के आसार हैं, जबकि इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश की संभावना कम है।
जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में मौसम बदला रहेगा। इन जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार प्रदेश के ऊपर एक लो प्रेशर एरिया यानी निम्न दाब क्षेत्र और मानसून ट्रफ सक्रिय है। हालांकि, फिलहाल मध्य प्रदेश में इन सिस्टम का प्रभाव ज्यादा नहीं है। यही वजह है कि प्रदेश के सभी जिलों में एक जैसी बारिश होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 683.9 मिमी यानी 26.9 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक 750.9 मिमी यानी 29.5 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में सामान्य से 2.6 इंच कम पानी गिरा है। ओवरऑल बारिश 9 प्रतिशत कम है। पूर्वी हिस्से में 6 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश 19 प्रतिशत तक कम है। बालाघाट, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी समेत जिलों में 1 प्रतिशत से 49 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई है।
पश्चिमी हिस्से में आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, खंडवा, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में औसत से 4 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है। जबकि अनूपपुर, छतरपुर, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत