मध्य प्रदेश के रीवा-बालाघाट समेत 14 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 4 से 8 इंच तक पानी गिरने की संभावना
- पहली बार खुलेंगे बरगी डैम के 9 गेट
भोपाल, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय है। पूर्वी हिस्से में बने स्ट्रॉन्ग सिस्टम के असर से रीवा और बालाघाट समेत 14 जिलों में मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 3 दिन प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। रीवा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है।
रीवा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, कटनी, शहडोल, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश की चेतावनी है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, डिंडौरी, सतना, मऊगंज, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
पहली बार खुलेंगे बरगी डैम के 9 गेट
मंडला, डिंडौरी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण इस साल पहली बार बरगी बांध के गेट खोले जाएंगे। मंगलवार 18 अगस्त को सुबह 11 बजे बांध के 9 गेट औसतन 0.78 मीटर की ऊंचाई तक खोले जाएंगे। इससे 1031 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा। 17 अगस्त की रात 8 बजे बांध का जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज किया गया, जबकि पानी की आवक 1620 क्यूमेक थी।
40 जिलों में अब भी कम बारिश
प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में अब तक 19 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी और टीकमगढ़ में सामान्य से 4 प्रतिशत से 58 प्रतिशत तक कम पानी गिरा है। पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में भी औसत से 1 प्रतिशत से 49 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। जबकि अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़ और गुना में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
कई मौसम सिस्टम एक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसके अलावा ऊपरी हिस्से में दो चक्रवाती सिस्टम और दक्षिणी हिस्से से शीयर जोन गुजर रहा है। इन मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में तेज बारिश का दौर बना हुआ है। 17 से 21 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत