मध्य प्रदेश के 31 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, प्रदेश में अब तक 7 इंच बारिश दर्ज

 




भोपाल, 07 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और जुलाई के पहले सप्ताह से लगातार हो रही बारिश ने प्रदेश में वर्षा का आंकड़ा सामान्य के करीब पहुंचा दिया है। पिछले छह दिनों से जारी तेज बारिश के बीच मंगलवार को भी 31 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में अब तक 179.6 मिमी यानी करीब 7 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य वर्षा से केवल 1 प्रतिशत कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस समय सबसे अधिक असर भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में देखने को मिल रहा है, जहां अधिकांश जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। देवास इस मानसून सीजन में सबसे अधिक वर्षा वाला जिला बना हुआ है। मंगलवार के लिए गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर और छतरपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, मैहर, दमोह, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, हरदा, आगर-मालवा, राजगढ़, झाबुआ, अलीराजपुर, धार और बड़वानी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा श्योपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, भोपाल, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

डिंडौरी में बढ़ा नदी का जलस्तर

लगातार हो रही बारिश के कारण डिंडौरी जिले में नर्मदा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। तुड़ार नदी की पुलिया के ऊपर पानी बहने से करंजिया ब्लॉक के कई गांवों का संपर्क कट गया है। जलभराव के कारण 11 मकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों के घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है।

कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में श्योपुर में सबसे अधिक करीब सवा इंच बारिश हुई। खजुराहो और मंडला में लगभग 1 इंच, जबकि नौगांव और दमोह में पौन इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। छिंदवाड़ा, सिवनी, सीधी, टीकमगढ़, उमरिया और रीवा में आधा इंच बारिश हुई। जबलपुर, बैतूल, दतिया, नर्मदापुरम, खरगोन, सागर, सतना, सीहोर, छतरपुर और पांढुर्णा में भी बारिश का दौर जारी रहा।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

लगातार बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। मलाजखंड सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सिवनी में 28 डिग्री, बैतूल में 28.2 डिग्री, पचमढ़ी में 28.6 डिग्री, खंडवा में 29.1 डिग्री, छिंदवाड़ा में 29.3 डिग्री और खरगोन में 29.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में जबलपुर का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री, भोपाल 33.4 डिग्री, इंदौर 33.8 डिग्री, उज्जैन 34 डिग्री और ग्वालियर 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सामान्य के करीब पहुंची मानसूनी बारिश

इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में कुल 179.6 मिमी (करीब 7 इंच) बारिश हो चुकी है। यह सामान्य औसत 181.6 मिमी की तुलना में केवल 1 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में अब भी सामान्य से 22 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 20 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत