मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच आज 46 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म

 




भोपाल, 28 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी के साथ आंधी और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों से कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद लू और तेज गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 46 जिलों में हीटवेव और भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है।

छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव लगातार 10 दिनों से प्रदेश के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। दोनों शहरों में गुरुवार को भी तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 18 मई से खजुराहो और नौगांव में लगातार अत्यधिक गर्मी दर्ज की जा रही है। इस दौरान तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। बुधवार को दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 29, 30 और 31 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

बीते बुधवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दतिया 45.7 डिग्री के साथ तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा रीवा में 45.4 डिग्री, दमोह में 45.2 डिग्री, राजगढ़ और टीकमगढ़ में 45 डिग्री, सतना में 44.9 डिग्री तथा मंडला, नरसिंहपुर और श्योपुर में 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भोपाल में 43.6 डिग्री, जबलपुर में 43 डिग्री, उज्जैन में 41.8 डिग्री और इंदौर में 40.4 डिग्री तापमान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में दिन में तेज गर्मी रहेगी, लेकिन शाम के समय बारिश हो सकती है। वहीं इंदौर, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में लू से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट, सागर, दमोह, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, रीवा, सीधी, मऊगंज और सिंगरौली में ऑरेंज अलर्ट और भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, शहडोल समेत 32 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इंदौर, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर, देवास, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में भी तेज गर्मी पड़ेगी। जबकि छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में आंधी-बारिश का मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 31 मई तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत