मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी गर्मी, पारा 37 डिग्री के पार, इंदौर-उज्जैन सबसे ज्यादा गर्म

 




भोपाल, 05 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। होली के दिन बुधवार को कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि रात का तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का रुख लगभग ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 6 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्के बादल और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।

बुधवार को प्रदेश में इंदौर और उज्जैन संभाग सबसे ज्यादा गर्म रहे। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर संभाग में भी दिन के समय तेज गर्मी महसूस की गई। इसके अलावा पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली। नर्मदापुरम में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धार, रतलाम और सागर में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा। वहीं गुना, दमोह, खंडवा, टीकमगढ़, खजुराहो, खरगोन, श्योपुर और मंडला में भी पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि बाकी शहरों में इससे ज्यादा दर्ज किया गया।

दिन के साथ-साथ प्रदेश में रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। मंगलवार-बुधवार की रात बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, रतलाम, श्योपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा रात का तापमान धार में 19 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मार्च के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश के कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत