मध्य प्रदेश में समय से पहले बढ़ने लगी गर्मी, कई शहरों में पारा 35 डिग्री के पार
- प्रदेश में 2 मार्च से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
भोपाल, 27 फरवरी (हि.स.) । मध्य प्रदेश में गर्मी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। वहीं रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। कुछ जगह ठंड बनी हुई है तो कई शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 2 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो सकता है, जिसका असर प्रदेश के उत्तरी जिलों में देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि पश्चिमी भारत में सक्रिय तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर फिलहाल मध्य प्रदेश पर नहीं पड़ रहा है। विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत के ऊपर समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 176 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। इसका प्रभाव प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में देखा जा रहा है, जहां तापमान 30 डिग्री से नीचे बना हुआ है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर संभाग के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 30 से 34 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
गुरुवार को खंडवा और खरगोन में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भोपाल में 32 डिग्री, इंदौर में 33.1 डिग्री, ग्वालियर में 32.6 डिग्री, उज्जैन में 33 डिग्री और जबलपुर में 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में पारा 30 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
रात का तापमान भी चढ़ा, कहीं ठंड बरकरार
प्रदेश में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, हालांकि कुछ स्थानों पर ठंड कायम है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री और शहडोल के कल्याणपुर में 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी में पारा 9.8 डिग्री रहा। अन्य अधिकांश शहरों में तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री, इंदौर में 14.6 डिग्री, ग्वालियर में 14.5 डिग्री, उज्जैन में 14.5 डिग्री और जबलपुर में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धार में सबसे अधिक 17.7 डिग्री तापमान रहा। रतलाम, नरसिंहपुर, सागर, टीकमगढ़ और नर्मदापुरम में भी रात का पारा 16 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। फिलहाल, आज शुक्रवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है और कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत