मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी गर्मी, कई शहरों में 5 डिग्री तक उछला पारा, नर्मदापुरम सबसे गर्म
भोपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर थमते ही गर्मी ने फिर से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन के तापमान में 1 से 5.4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में पारे में खासा इजाफा देखने को मिला, वहीं भोपाल और रतलाम भी इससे अछूते नहीं रहे। शनिवार को तापमान में और वृद्धि होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 अप्रैल से एक नया सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर कमजोर रहेगा। ऐसे में प्रदेश में तेज गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम में 38.6 डिग्री और खरगोन में 38 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा धार, खंडवा, नरसिंहपुर और खजुराहो में भी पारा 36 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल और जबलपुर में 34.6 डिग्री, इंदौर में 35 डिग्री और ग्वालियर में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवायजरी जारी की है। लोगों को दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
गौरतलब है कि इस बार अप्रैल की शुरुआत में तेज गर्मी की बजाय आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर देखने को मिला। 1 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहा। इस दौरान ग्वालियर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। 15 से ज्यादा जिलों में ओले गिरे और करीब 45 जिलों में बारिश हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि जैसे सर्दी के लिए दिसंबर-जनवरी और बारिश के लिए जुलाई-अगस्त अहम होते हैं, वैसे ही गर्मी के लिहाज से अप्रैल और मई सबसे प्रमुख महीने हैं। खासकर अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से तेज गर्मी का असर बढ़ने लगता है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत