मध्य प्रदेश में संक्रांति के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तरी इलाकों में मावठा गिरने की संभावना
- ग्वालियर-चंबल में पड़ रही कड़ाके की ठंड, छा रहा कोहरा
भोपाल, 13 जनवरी (हि.स.) । मध्य प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। ठंड के बीच मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मकर संक्रांति के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी से उत्तरी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में दो से तीन दिन बाद मावठा गिरने की संभावना है।
इससे पहले ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग में तेज ठंड के साथ मध्यम कोहरा छाया रहेगा। मंगलवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा जिलों में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, खजुराहो, गुना, शिवपुरी, शाजापुर और सीहोर में भी कोहरे का असर देखा गया। अधिकतर स्थानों पर दृश्यता एक से दो किलोमीटर के बीच रही। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बर्फीली हवाओं के सीधे प्रवेश के कारण ठंड और तेज हो गई है। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। दतिया और श्योपुर में भी सर्दी का असर बरकरार है। राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है।
कल्याणपुर रहा प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका
रविवार और सोमवार की रात बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में नौ डिग्री, इंदौर में 9.6 डिग्री, उज्जैन में 9.4 डिग्री और जबलपुर में 9.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं शहडोल जिले के कल्याणपुर में प्रदेश का सबसे कम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में 5.4 डिग्री, राजगढ़ और पचमढ़ी में 5.6 डिग्री, मंडला में 5.9 डिग्री और खजुराहो में 6.5 डिग्री तापमान रहा। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
सोमवार को दिन के तापमान की बात करें तो दतिया सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 21.8 डिग्री, पचमढ़ी में 21.2 डिग्री, नौगांव में 21.6 डिग्री, रीवा में 22.2 डिग्री, खजुराहो और श्योपुर में 22.6 डिग्री तथा मलाजखंड में 22.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
कोहरे का असर यातायात पर
नए साल की शुरुआत से ही प्रदेश में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड बनी हुई है। इसका असर रेल यातायात पर भी पड़ रहा है। दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इनमें मालवा एक्सप्रेस सबसे ज्यादा प्रभावित है। इसके अलावा पंजाब मेल, जनशताब्दी, झेलम, सचखंड एक्सप्रेस सहित करीब एक दर्जन ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत