मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम, तेज गर्मी के बीच 27-29 मार्च तक आंधी-बारिश का अलर्ट
भोपाल, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मार्च महीने के अंत में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में तीसरी बार बारिश और आंधी का दौर देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27, 28 और 29 मार्च तक कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर उज्जैन, ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में देखने को मिलेगा।
हालांकि, इससे पहले आज गुरुवार को प्रदेश में तेज गर्मी का असर बना रह सकता है। खासतौर पर उज्जैन, भोपाल, सागर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान अधिक रहने के आसार हैं। बुधवार को भी कई शहरों में गर्मी का असर देखने को मिला। प्रदेश के पांच शहरों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 36.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबलपुर में 36.1 डिग्री, इंदौर में 36 डिग्री, भोपाल में 35.8 डिग्री और ग्वालियर में 35.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 38.8 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा रतलाम में 38.6 डिग्री, खंडवा में 38.5 डिग्री, खरगोन और रायसेन में 38 डिग्री, धार और मंडला में 36.8 डिग्री, गुना में 36.5 डिग्री, खजुराहो में 36.4 डिग्री और बैतूल में 36.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
इससे पहले मार्च में दो बार आंधी और बारिश हो चुकी है, जिसमें एक दौर लगातार चार दिनों तक चला था। उस दौरान 45 से अधिक जिलों में बारिश हुई, जबकि 17 जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई थी। इस खराब मौसम से गेहूं, पपीता और केले की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था। अब तीसरा दौर 27 मार्च से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
आगे की बात करें तो अप्रैल और मई में प्रदेश में तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है। इस दौरान ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी का असर तेज रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत