मध्य प्रदेश में समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून, आज 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
भोपाल, 07 जून (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून के तय समय से पहले पहुंचने की संभावना बन रही है। केरल से देश में प्रवेश करने वाला मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और शनिवार तक कर्नाटक, तमिलनाडु होते हुए गोवा पहुंच चुका है। इसके बाद जल्द ही महाराष्ट्र में इसकी एंट्री होने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश में मानसून 20 जून से पहले दस्तक दे सकता है।
प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पिछले एक सप्ताह से कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। नर्मदापुरम, सिवनी, सीहोर, खरगोन समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि तेज हवाओं के कारण पेड़ और टीनशेड गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के करीब 35 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
9 और 10 जून को हीटवेव का भी असर
आंधी और बारिश के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को मध्य प्रदेश के उत्तरी जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। शनिवार को नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा सागर में 41.5 डिग्री, दतिया में 41.4 डिग्री, खजुराहो और दमोह में 41 डिग्री, गुना में 40.6 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री, खरगोन में 40.4 डिग्री तथा राजगढ़, टीकमगढ़ और मंडला में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर का तापमान 40.4 डिग्री, जबलपुर 40.1 डिग्री, भोपाल 38.8 डिग्री, उज्जैन 38 डिग्री और इंदौर 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत