मध्य प्रदेश में अब तक कोटे का 68 प्रतिशत गिरा पानी, आज 3 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसूनी सीजन के दौरान अब तक औसतन 25.5 इंच बारिश हो चुकी है, जो पूरे सीजन के सामान्य कोटे का करीब 68 प्रतिशत है। हालांकि सामान्य से अब तक 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है। प्रदेश के 40 जिलों में औसत से कम पानी गिरा है, जबकि 15 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। आज बुधवार को 3 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से पूर्वी मध्य प्रदेश में सक्रिय मानसून अब उत्तर, पश्चिम और मध्य हिस्सों में ज्यादा सक्रिय होगा। अगले दो दिन भोपाल, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग में तेज बारिश का दौर रहने की संभावना है। बुधवार को मौसम विभाग ने भिंड, दतिया और सागर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ढाई इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है। इसके अलावा ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, दमोह, मैहर और सिवनी में भारी बारिश की चेतावनी है।
इन जिलों में भी होगी बारिश
भोपाल, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
अगले तीन दिन सक्रिय रहेगा सिस्टम
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश में मौसम सिस्टम की एक्टिविटी बनी हुई है। इसके प्रभाव से बारिश का दौर जारी है। अगले तीन दिन तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 648.7 मिमी यानी 25.5 इंच बारिश हुई है। इस अवधि तक सामान्य बारिश 727.9 मिमी यानी 28.6 इंच होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में सामान्य से करीब 3.1 इंच कम पानी गिरा है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 7 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 14 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
40 जिलों में 3 से 50 प्रतिशत तक कम बारिश
पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में सामान्य से 19 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी समेत कई जिलों में 3 से 50 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, खंडवा, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 2 से 49 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई है। जबकि अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन और राजगढ़ में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत