मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ने संभाला पदभार
भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर लिया सेवा का संकल्प
भोपाल, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत उन्होंने पुस्तक भवन, अरेरा हिल्स पहुंचकर विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ अपना पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर सौभाग्य सिंह ने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों और सेवा भाव से प्रेरणा लेकर वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
सौभाग्य सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और उपयोगी पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, विधायक सिद्धार्थ तिवारी सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे