राजगढ़ः अज्ञात वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक की मौत, एक युवक गंभीर घायल
राजगढ़, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम दूधी स्थित पुल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात हाइवे स्थित ग्राम दूधी पुल के समीप इंदौर दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो (क्रमांक एमपी 09 आर 0347) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में ऑटो चालक 57 वर्षीय भंवरलाल पुत्र प्रभूलाल नामदेव निवासी दूधी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार 21 वर्षीय राज शर्मा निवासी सेमली गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही करनवास पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ब्यावरा भिजवाया।
जानकारी के अनुसार राज शर्मा शादी के लिए किराने का सामान लेकर ब्यावरा से ऑटो के माध्यम से गांव लौट रहा था, तभी दूधी पुल के पास यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक