अनूपपुर: जिले में तीन केन्द्रों पर दो सत्रों में होगी एमपी पीएससी परीक्षा, 1178 परीक्षार्थी होंगे शामिल

 




अनूपपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 आगामी 26 अप्रैल को जिले के 03 परीक्षा केंद्रों पर 1178 परीक्षार्थी दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं द्वितीय सत्र दोपहर 02:15 बजे से शाम 04:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

परीक्षा प्रभारी अपर कलेक्टपर दिलीप पांडेय ने बुधवार को बताया कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय अनूपपुर में 03 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चेतना नगर, एवं शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर शामिल हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग द्वारा इस वर्ष बायोमेट्रिक पहचान अनिवार्य की गई है। इस प्रक्रिया और गहन तलाशी (फिस्किंग) में लगने वाले समय को देखते हुए, समस्त परीक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा शुरू होने के समय से 90 मिनट पूर्व अनिवार्य रूप से अपने आवंटित केंद्र पर उपस्थित हों। देरी से पहुँचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी औपचारिकताओं के कारण असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

अभ्यर्थी अपने साथ प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र एवं आयोग द्वारा निर्देशित आवश्यक सामग्री ही लाएं। परीक्षा से जुड़ी विस्तृत शर्तों और अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://mppsc.mp.gov.in का अवलोकन कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला