मध्य प्रदेश पुलिस का हरित अभियान: लाल परेड ग्राउंड में 300 पौधे रोपे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

 


भोपाल, 04 अगस्त (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के विकास के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस की 7वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल (विसबल), भोपाल द्वारा मंगलवार को लाल परेड ग्राउंड में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व 7वीं वाहिनी के सेनानी हितेश चौधरी ने किया।

पौधारोपण अभियान में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाली स्वतंत्रता दिवस परेड से जुड़े परेड कमांडर एसडीओपी आदित्य सिंघारिया, एसडीओपी जैडेन लिंगजेरपा, परेड सेकंड-इन-कमांड (2IC) डीएसपी हेमंत कुमार, डीएसपी प्रतिमा जैन, प्लाटून कमांडरों के साथ 7वीं वाहिनी के उपसेनानी डेनियल जोजफ, एडज्यूटेंट तरुण पटले तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान लगभग 200 अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर 300 पौधे लगाए। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने रोपे गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प भी लिया। अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मध्यप्रदेश पुलिस का यह अभियान पर्यावरण के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश भी देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे