मध्य प्रदेश में मानसून सुस्त, भारी बारिश का दौर थमा, कल 4 जिलों में तेज बारिश की संभावना
- आज पूरे प्रदेश में बारिश का कोई अलर्ट नहीं
भोपाल, 10 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता फिलहाल कमजोर पड़ गई है। बुधवार को सैटेलाइट तस्वीरों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों से बादल छंटे नजर आए और कहीं भी तेज बारिश दर्ज नहीं हुई। अगले तीन दिन प्रदेश में इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। गुरुवार को किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, जबकि शुक्रवार को उमरिया, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में हैवी रेन का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में बारिश कराने वाला कोई सक्रिय सिस्टम नहीं है। पश्चिमी हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन जरूर बना हुआ है, लेकिन इसका मध्य प्रदेश पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ रहा है। सिस्टम कमजोर होने के कारण बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप रही। भोपाल में भी मौसम के अचानक बदले मिजाज से लोग परेशान नजर आए। गुरुवार को भी अधिकांश स्थानों पर धूप रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ जगहों पर स्थानीय परिस्थितियों के चलते हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक अभी प्रदेश में कोई प्रभावी सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना कम है। 13 सितंबर से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन पश्चिमी मध्य प्रदेश के जिलों में तेज बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश का आंकड़ा सामान्य से करीब 1 प्रतिशत कम है। वहीं बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि पिछले एक सप्ताह में इन आंकड़ों में काफी सुधार हुआ है। इस दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने, जिससे बारिश की कमी का अंतर घटा। सीजन में पहली बार पूर्वी हिस्से का बारिश का आंकड़ा बेहतर स्थिति में आया था, लेकिन बुधवार तक यह अंतर फिर करीब 1 प्रतिशत रह गया।
पश्चिमी हिस्से के आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, खंडवा, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में औसत की तुलना में 7 प्रतिशत से 55 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत