मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ा जोर, भोपाल समेत कई शहरों में तेज बारिश का दौर, कई स्कूलों में छुट्टी

 






- 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में लंबे समय से कम बारिश के बाद अब मानसून ने जोर पकड़ लिया है। मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। भोपाल में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सोमवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजगढ़, विदिशा, सीहोर, हरदा और देवास में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। वहीं, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, खंडवा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, जबलपुर, गुना, शिवपुरी और श्योपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

भोपाल में रातभर बारिश, वीआईपी रोड पर गिरा पेड़

राजधानी भोपाल में शनिवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होने से कई इलाकों में पानी भर गया। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर, सिटी क्षेत्र की वसुंधरा कॉलोनी और शिवनगर समेत कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी। सोमवार सुबह तेज बारिश के बीच वीआईपी रोड पर सड़क के बीच पेड़ गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। बारिश को देखते हुए भोपाल-डिंडौरी और राजगढ़ समेत कुछ जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

रायसेन में रामलीला मैदान जलमग्न

रायसेन में भी बीती रात से तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया और शहर का रामलीला मैदान जलमग्न हो गया। शुजालपुर में सोमवार तड़के करीब 3 बजे से तेज बारिश शुरू हुई। मानसून सीजन में पहली बार हुई इस तरह की तेज बारिश से किसानों और व्यापारियों को राहत की उम्मीद जगी है। आधा सावन बीतने के बावजूद कम बारिश के कारण क्षेत्र की नेवज और जमधड़ नदियों में पानी का प्रवाह नहीं बन पाया था। अब बारिश के बाद नदी-नालों में पानी आने की संभावना बढ़ गई है।

सीहोर में नदी-नाले उफान पर

सीहोर के श्यामपुर क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात मूसलाधार बारिश हुई। तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई घरों में पानी घुसने की आशंका बनी हुई है। सीहोर शहर में रात 12 बजे से लगातार बारिश हो रही है। सीवन नदी चद्दर पुल के ऊपर से बह रही है, जबकि सीटू नाला भी मछली पुल के ऊपर से बहने लगा है। विदिशा में रविवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। सोमवार सुबह बारिश ने जोर पकड़ा, जिससे शहर की कई सड़कों पर पानी भरने लगा।

इन जिलों में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, झाबुआ, नीमच, मंदसौर, रतलाम, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत