इंदौर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर ही मौत
इंदौर, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के एरोड्रम रोड पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान केशव नगर निवासी 22 वर्षीय इरफान शेख के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि इरफान पेशे से हम्माली (मजदूरी) का काम करता था। बुधवार रात वह घर पर खाना खाने के बाद यह कहकर निकला था कि कुछ ही देर में दोस्तों से मिलकर वापस आ रहा है। देर रात जब वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी एरोड्रम रोड पर काल बनकर आए एक डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
आसपास मौजूद लोगों ने जैसे ही हादसा देखा, तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इरफान अभी अविवाहित था और उसके परिवार में एक भाई और दो बहनें हैं। इस अचानक हुई अनहोनी से मृतक के घर में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत