मध्य प्रदेश ने दो वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में रचा इतिहास: हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने प्रदेशवासियों व कार्यकर्ताओं को अंग्रेजी नववर्ष 2026 की दी शुभकामनाएं
भोपाल, 31 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने प्रदेशवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को अंग्रेजी नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बीते दो वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर इतिहास रचा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि नववर्ष 2026 समाज के प्रत्येक वर्ग की आशाओं और आकांक्षाओं की पूर्ति का वर्ष सिद्ध हो, यही ईश्वर से कामना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार निरंतर जनकल्याण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार ने बीते समय में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं तथा आने वाले समय में प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
उन्हाेंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए नवाचारों के सकारात्मक परिणाम आगामी वर्ष में जनता के सामने स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे। एक ओर जहां प्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करने और नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। निश्चित रूप से नववर्ष 2026 मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भरता की दिशा में और अधिक सशक्त बनाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे