शाजापुर : नगर में खुलेआम हो रही मादक पदार्थों की बिक्री

 


वार्ड क्र. 10 के रहवासियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, की कार्रवाई की मांग

शाजापुर, 3 दिसंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के शाजापुर नगर में खुलेआम फल-फूल रहे जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। इन्हीं समस्याओं के विरोध में बड़ी संख्या में नागरिक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) घनश्याम मालवीय के कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और शहर में बढ़ रही अवैध गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

निवासियों ने आरोप लगाया कि शहर में अनेक स्थानों पर जुआ-सट्टा का गोरखधंधा खुलेआम संचालित हो रहा है। खासतौर पर वार्ड नंबर 10 कमरदीपुरा में स्थिति और भी ज्यादा गंभीर है, जहां बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है। लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में गांजा, स्मैक जैसी नशीली पदार्थों की खुली बिक्री होती है और साथ ही एक बड़ा जुआघर भी संचालित किया जा रहा है। इन अवैध व्यसनों के कारण मोहल्ले का माहौल बिगड़ गया है और असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इन गतिविधियों के चलते महिलाओं और बच्चों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन बदमाश मोहल्ले में घूमते रहते हैं, मारपीट और विवाद की घटनाएँ भी बढ़ रही हैं। शाम ढलते ही इलाके में माहौल और भयावह हो जाता है, जिससे परिवारों में दहशत बनी रहती है। कई लोगों ने कहा कि उनके बच्चे भी इन अवैध गतिविधियों के दुष्प्रभाव से प्रभावित हो रहे हैं, क्योंकि असामाजिक तत्व अक्सर स्कूल-कॉलेज के छात्रों को अपना शिकार बनाते हैं।

सबसे गंभीर आरोप पुलिस पर लगे। निवासियों का कहना है कि कोतवाली थाना पुलिस इन अवैध धंधों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम रही है। यहां तक कि उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी इस गोरखधंधे में लिप्त लोगों से मिले हुए हैं और कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकताएं की जाती हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कई बार पुलिस को शिकायतें दी गईं, लेकिन न तो कोई छापेमारी हुई और न ही कोई गिरफ्तारी हुई। उल्टे, विरोध करने वाले लोगों को अवैध कारोबार चलाने वाले दबंग धमकियां दे रहे हैं।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे डॉ. मोहम्मद ने बताया कि वार्ड नंबर 10 में लंबे समय से जुआ, सट्टा और नशे का कारोबार पनप रहा है। उन्होंने कहा कि ‘‘हमने पहले भी कई बार शिकायत की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। शिकायत करने पर दबंग लोग उल्टा धमकाने लगते हैं। ऐसे में आम जनता बेहद परेशान है और मजबूर होकर हम एसपी कार्यालय में अपनी बात रखने आए हैं।’’

हालाँकि, एसपी की अनुपस्थिति में यह ज्ञापन एएसपी घनश्याम मालवीय को सौंपा गया। आवेदन प्राप्त करने के बाद एएसपी मालवीय ने बताया कि कमरदीपुरा से कुछ संभ्रांत नागरिक शिकायत लेकर उनके पास आए थे। उन्होंने आवेदन में जुआ-सट्टा के साथ-साथ गांजा और स्मैक की खुलेआम बिक्री की बात कही है। उधर, एएसपी मालवीय ने आश्वासन दिया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘‘अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस सख्त कदम उठाएगी। यदि शिकायतें सही पाई गईं तो संबंधित आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।’’ शहरवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इन अवैध गतिविधियों को जल्द से जल्द रोककर आम नागरिकों को राहत प्रदान की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मंगल नाहर