राजगढ़ः मां गंगा मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा पर सजेगा दीपों का दरबार, संतों के सानिध्य में होगी महाआरती

 


राजगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में देव दीपावली एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ब्यावरा नगर के मां गंगा मंदिर में मंगलवार को भव्य महाआरती एवं दीपदान का आयोजन किया जाएगा। प्रतिवर्ष होने वाला यह धार्मिक आयोजन इस वर्ष अपने नवम वर्ष में प्रवेश कर रहा है। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। शाम 6ः30 बजे मां गंगा की महाआरती होगी। इसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

आयोजन बहादुरपुर आश्रम के गुरुदेव श्री नीलेश जी शर्मा महाराज, भागवत आचार्य श्री प्रमोद जी नागर एवं कपिल आश्रम नीलगिरी के श्री सुदर्शन जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। संत- महात्माओं की उपस्थिति में मां गंगा की आराधना और दीपदान के साथ मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा। उल्लेखनीय है कि मां गंगा की महाआरती एवं दीपदान का यह आयोजन पिछले आठ वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। हर वर्ष नगर और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालु इसमें उत्साह के साथ भाग लेते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा का सनातन धर्म में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इस दिन मां गंगा की पूजा-अर्चना और दीपदान को पुण्यदायी माना जाता है। इसी आस्था के चलते श्रद्धालु इस अवसर पर दीप प्रज्वलित कर सुख- समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को आगे बढ़ाना है। समिति ने नगर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं और मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां गंगा की महाआरती एवं दीपदान में सहभागी बनने की अपील की है। संतों के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक