खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप
मैहर, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। कलेक्टर विदिशा मुखर्जी के निर्देश पर विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अमरपाटन क्षेत्र में खनिज विभाग की टीम ने वाहनों की आकस्मिक जांच की। कार्रवाई के दौरान दो वाहन अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन करते पाए गए। विभाग ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। संबंधित प्रकरण तैयार कर नियमानुसार कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
वहीं, भटूरा-कैमोर क्षेत्र में विभाग ने बीती रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम जमुवानी कला में चल रहे अवैध उत्खनन का खुलासा किया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टीम ने देर रात छापामार कार्रवाई की। इंस्पेक्टर पवन कुशवाहा के नेतृत्व में पहुंची टीम को मौके पर अवैध खनन के प्रमाण मिले।
विभागीय वाहन पहुंचते ही पोकलेन मशीन का चालक मशीन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद टीम ने दूसरी खदान से ऑपरेटर बुलाकर मशीन को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित खदान पिछले करीब पांच वर्षों से बंद थी, इसके बावजूद वहां अवैध रूप से खनन किया जा रहा था। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि किस खसरा नंबर पर उत्खनन हुआ, कितनी मात्रा में खनिज निकाला गया और इसमें किन लोगों की संलिप्तता है।
अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि नियमों के विरुद्ध संचालित क्रेशरों पर भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग की सख्ती का स्वागत किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी