कम राजस्व वाले क्षेत्रों पर निगम आयुक्त सख्त, 15 दिन में संबल और ई-केवाईसी प्रकरण निपटाने के निर्देश

 




भोपाल, 1 जुलाई (हि.स.)। भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बुधवार को निगम मुख्यालय अटल भवन में समय-सीमा प्रकरणों सहित निगम के विभिन्न विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने राजस्व वसूली बढ़ाने, जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान निगम आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में राजस्व वसूली की स्थिति कमजोर है, वहां विशेष अभियान चलाकर कर संग्रहण में तेजी लाई जाए। उन्होंने संपत्तिकर और अन्य राजस्व वसूली से जुड़ी नस्तियों को ई-फाइल सिस्टम के माध्यम से संचालित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने संबल योजना के लंबित मामलों में आवेदनों की जांच सहित पूरी प्रक्रिया 15 दिनों के भीतर पूरी करने, समग्र ई-केवाईसी के प्रकरणों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में निगम आयुक्त ने पॉश मशीनों की उपलब्धता और उपयोग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इन्हें संबंधित विभागों के जिम्मेदार कर्मचारियों को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर मशीन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में संबंधित जोनल अधिकारी, वार्ड प्रभारी और स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही अतिक्रमण स्टोर में भी पॉश मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

फायर एनओसी और वायरलेस सिस्टम पर विशेष जोर

निगम आयुक्त ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी संस्थानों की फायर एनओसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने फायर एनओसी से जुड़े मामलों में संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी करने और लंबित प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा निगम का वायरलेस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधीनस्थ कर्मचारियों से अनुशासन के साथ कार्य कराया जाए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की जाए।

सीएंडडी वेस्ट के उपयोग और सुविधाओं पर चर्चा

बैठक में निगम आयुक्त ने नवनिर्मित यूरिनल्स को जल्द शुरू कराने, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) के उपयोग की स्थिति की जानकारी ली तथा इसके बेहतर उपयोग के निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरुण अवस्थी, वरुण बरेड़िया, उपायुक्त भुवन गुप्ता, दिनेश सिंह, हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, चंचलेश गिरहारे, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, संतोष गुप्ता, आरआर जरोलिया सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा