जय श्रीराम के नारों के बीच हुआ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव, निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा

 


पन्ना, 27 मार्च (हि.स.)। राम नवमी के पावन अवसर पर पन्ना शहर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। श्री राम-जानकी मंदिर में दोपहर ठीक 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्म के साथ ही “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।

सुबह 10 बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। जैसे ही दोपहर 12 बजे का समय हुआ, “भये प्रकट कृपाला, दीनदयाला” जैसे भजनों के बीच भक्त भाव-विभोर होकर झूम उठे और भगवान श्रीराम-जानकी की आरती कर पूजा-अर्चना की। पुजारियों ने वैदिक विधि-विधान से भगवान का जन्मोत्सव संपन्न कराया।

इस अवसर पर पन्ना राजपरिवार की ओर से छत्रसाल द्वितीय एवं जीतेश्वरी देवी सहित कलेक्टर ऊषा परमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शहर के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

ऐतिहासिक शोभायात्रा से भगवामय हुआ नगर

राम नवमी के अवसर पर शाम 5 बजे चिटाकुआं मैदान से भगवान श्रीराम की भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री राम-जानकी मंदिर में पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान पूरे शहर को भगवा झंडों और तोरण द्वारों से सजाया गया था। जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। भक्तों ने भगवान श्रीराम-जानकी की आरती उतारी और प्रसाद वितरण किया।

मार्ग में जगह-जगह रामभक्तों द्वारा स्वल्पाहार, ठंडे पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं की गईं। आतिशबाजी और पटाखों के साथ शोभायात्रा का उत्साह चरम पर रहा। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। राम नवमी के इस अवसर पर पूरे पन्ना जिले में भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे