जबलपुर : लंबे समय से फरार इनामी आरोपी नागपुर से गिरफ्तार
जबलपुर, 6 दिसंबर (हि.स.)। लंबे समय से फरार चल रहे ईनामी बदमाश अमित खम्परिया को आज शनिवार को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को क्राइम ब्रांच की टीम नागपुर से गिरफ्तार कर शहर लाई है।
अमित खम्परिया के खिलाफ हत्या का प्रयास, करोड़ों की धोखाधड़ी, बलवा सहित कई मामले दर्ज थे। अमित खम्परिया ने ना सिर्फ जबलपुर बल्कि चार जिलों में अपराधिक वारदातों को अंजाम दिया था। जिसमें उसके खिलाफ जबलपुर में तीस हजार, बालाघाट पुलिस ने तीस हजार, वहीं जिस युवक के साथ अमित खम्परिया ने ठगी की थी उसने भी 50 हजार का ईनाम, कुल एक लाख का ईनाम घोषित किया था। आरोपी लंबे समय से चार जिलों जबलपुर, कटनी, उमरिया और मंडला की पुलिस को चकमा देकर फरार था। इस दौरान वह नागपुर में अपनी फरारी काट रहा था। पुलिस अमित खम्परिया को न्यायालय में पेश कर प्रकरणों की पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी।
अमित खम्परिया को क्राइम ब्रांच की टीम ने नागपुर से गिरफ्तार किया है। उसका आपराधिक नेटवर्क जबलपुर और आसपास के जिलों में सक्रिय रहा। अमित हथियारों का भी शौकीन था, जो बंदूकधारी बाउंसर लेकर चलता था। पुलिस ने उसे पकडऩे कई बार दबिश दी थी, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। हाईकोर्ट की फटकार के बाद दबाव में आई पुलिस ने आखिरकार महाराष्ट्र के नागपुर से उसकी गिरफ्तारी की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संजीवनी नगर के दुर्गा कॉलोनी निवासी अमित खम्परिया पर कई धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। थाना संजीवनी नगर और मदन महल में उसके खिलाफ 420, 406, 386, 467, 468, 471, 474, 120बी, 506 और एससी-एसटी एक्ट जैसे संगीन मामले दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक